समर्थक

Sunday 27 September 2015

गीत "काले दाग़ बहुत गहरे हैं" ( डॉ.रूपचन्द्र शास्त्री 'मयंक')

रंग-रंगीली इस दुनिया में, झंझावात बहुत गहरे हैं।
कीचड़ वाले तालाबों में, खिलते हुए कमल पसरे हैं।।

पल-दो पल का होता यौवन,
नहीं पता कितना है जीवन,
जीवन की आपाधापी में, झंझावात बहुत उभरे हैं।
कीचड़ वाले तालाबों में, खिलते हुए कमल पसरे हैं।।

सागर का पानी खारा है,
नदिया की मीठी धारा है,
बंजारों का नहीं ठिकाना, एक जगह वो कब ठहरे हैं।
कीचड़ वाले तालाबों में, खिलते हुए कमल पसरे हैं।।

शासक बने आज व्यापारी,
प्रीत-रीत में है मक्कारी,
छिपे हुए उजले लिबास में, काले दाग़ बहुत गहरे हैं।
कीचड़ वाले तालाबों में, खिलते हुए कमल पसरे हैं।।

मानवता का “रूप” घिनौना,
हुआ आदमी का का कद बौना,
दूध-दही के भण्डारों पर, बिल्ले ही देते पहरे हैं।
कीचड़ वाले तालाबों में, खिलते हुए कमल पसरे हैं।।